CORONAVIRUS IN INDIA : बीते 24 घंटों में सामने आए 20 हजार से ज्यादा मामले, दर्ज हुई 222 नई मौतें

Jan 07 2021

CORONAVIRUS IN INDIA : बीते 24 घंटों में सामने आए 20 हजार से ज्यादा मामले, दर्ज हुई 222 नई मौतें

नई दिल्ली। भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोनावायरस के 20,346 नए मामले सामने आए और 222 लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य और परिवार मंत्रालय के मुताबिक अब तक देश में 1,03,95,278 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं मरने वालों का आंकड़ा 1,50,336 हो चुका है। भारत में दैनिक मामलों में कमी आना जारी है। अब तक 1,00,16,859 लोग ठीक हो चुके हैं और 2,28,083 सक्रिय मामले हैं। देश में रिकवरी की दर 96.36 प्रतिशत और मृत्यु दर 1.45 प्रतिशत है।

इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने कहा कि 6 जनवरी तक परीक्षण किए गए नमूनों की कुल संख्या 17,84,00,995 हो गई है।

देश में सबसे ज्यादा 19,54,553 मामले महाराष्ट्र में सामने आए हैं। वहीं रोजाना दर्ज हो रहे मामलों में से 79 प्रतिशत केरल, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़ और राजस्थान से हैं।

बुधवार को केरल की राज्य सरकार ने कोविड-19 के प्रबंधन के दौरान सार्वजनिक स्वास्थ्य में हुए हस्तक्षेप की समीक्षा करने के लिए एक उच्च स्तरीय केंद्रीय टीम तैनात की है।

इस बीच बहुप्रतीक्षित सामूहिक टीकाकरण अभियान भी जल्द शुरू होने वाला है। 2 टीकों को स्वीकृति देने के बाद केंद्र सरकार ने अभियान के पहले चरण में लगभग 30 करोड़ लोगों को वैक्सीन देने की योजना बनाई है। इसमें 1 करोड़ हेल्थकेयर वर्कर्स, 2 करोड़ फ्रंटलाइन वर्कर्स और जरूरी सेवाओं में लगे लोग, 50 साल से अधिक उम्र वाले 26 करोड़ लोगों और बीमारियों से पीड़ित 50 साल से कम आयु वाले 1 करोड़ लोग शामिल हैं।

--आईएएनएस