लखनऊ वन सिटिजन ऐप: जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र व हाउस टैक्स के लिए नगर निगम के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे

Oct 20 2020

लखनऊ वन सिटिजन ऐप: जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र व हाउस टैक्स के लिए नगर निगम के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे

india emotions news network, lucknow. लखनऊ। शहर में संचालित 180 सामुदायिक व 189 सार्वजनिक शौचालयों की जानकारी, होटल, अस्पताल, स्कूल, सामुदायिक भवन, पार्क, यातायात व नजदीकी एटीएम की जानकारी भी मिलेगी। इसके अलावा हेल्पलाइन-एम्बुलेंस सेवा, महिला सेवा, नगर निगम कॉल सेंटर व इमरजेंसी सेवाओं के नम्बर मौजूद रहेंगे। लखनऊ स्मार्ट सिटी-नगर निगम एवं अन्य विभागों में आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, अधिवास प्रमाण पत्र से संबंधित किए गए आवेदन क जानकारी के साथ ही ई-वाहन व ई-अस्पताल से संबंधित जानकारी उपलब्ध होगी।

शहर के किसी इलाके में गंदगी हो या फिर मार्ग प्रकाश की शिकायत। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाना हो या हाउस टैक्स जमा करना हो। अब आप लखनऊ वन सिटिजन ऐप के जरिए न केवल स्मार्ट सिटी से जुड़ी कोई भी जानकारी हासिल कर सकते हैं, बल्कि जन सुविधाओं का लाभ भी उठा सकते हैं। ऐप के माध्यम से आपकी किसी भी समस्या का तुरंत निस्तारण होगा। अब अपनी समस्याओं के लिए आपको नगर निगम के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

इस ऐप के माध्यम से शिकायतों के त्वरित निस्तारण किया जाएगा, वह भी बिना किसी देरी के। पहले दिन से ही लापरवाह अधिकारियों व कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। लोगों को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र व हाउस टैक्स के लिए नगर निगम कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नगर आयुक्त अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि एप के माध्यम से मिलने वाली शिकायतों का त्वरित निस्तारण के लिए नगर निगम की तरफ से एक डेडीकेटेड कंट्रोल रूम बनाया गया है। जहां तीन पालियों में कर्मचारियों की तैनाती की गई है। जो एप पर आने वाली शिकायतों को दर्ज करने के साथ ही संबंधित अधिकारी को कार्रवाई के लिए नगर निगम अधिकारी एप (स्मार्ट 311) पर ट्रांसफर करेंगे। संबंधित अधिकारी शिकायत का निस्तारण कर उसकी रिपोर्ट एप स्मार्ट 311 अपलोड करेंगे,जो शिकायतकर्ता को भी मिल जाएगी। कार्यक्रम में नगर विकास व नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
---

लखनऊ वन सिटिजन ऐप से शहरवासियों को चार प्रमुख सेवाएं मिलेंगी। इसमें नगर निगम से संबंधित सेवाएं, आसपास उपलब्ध जन सुविधाएं, हेल्प लाइन व लखनऊ स्मार्ट सिटी से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। यह ऐप कमांड एण्ड कंट्रोल रूम से जुड़ा रहेगा। हर शिकायत की आन लाइन मानीटरिंग होगी। इसमें लोग अपना फीडबैक भी दे सकेंगे।
---

नगर निगम से संबंधित सेवाएं-सफाई, कूड़ा, घर-घर कूड़ा कलेक्शन, मार्ग प्रकाश, सड़क-फुटपाथ, मलवा निस्तारण, सीवर, जलभराव, मृत पशु से संबंधित शिकायत के साथ ही हाउस टैक्स, जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र व आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायत की स्थिति को देखा जा सकेगा।