सरेंडर या गिरफ्तारी: मैं हूं विकास दुबे, कानपुर वाला ...

Jul 09 2020

सरेंडर या गिरफ्तारी: मैं हूं विकास दुबे, कानपुर वाला ...

इंडिया इमोशंस न्यूज डेस्क, नई दिल्ली लखनऊ। कानपुर में आठ पुलिस कर्मियों की हत्या का आरोपी गैंगस्टर विकास दुबे को घटना के सातवें दिन मध्य प्रदेश के उज्जैन से गिरफ्तार तो कर लिया गया पर इस पर सवाल उठ रहे हैं। कहा जा रहा है कि उसने खुद ही स्थानीय मीडिया और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद भी विकास पर कोई असर नहीं दिखा और मीडिया के सामने चिल्लाने लगाए ... मैं विकास दुबे हूं, कानपुर वाला।

विकास दुबे आज सुबह ही महाकालेश्वर मंदिर पहुंचा और सुबह 9 बजकर 55 मिनट पर विकास दुबे ने मंदिर के सामने अपना नाम चिल्लाया। मौके पर स्थानीय मीडिया को भी बुला लिया गया था। बताया यह भी जा रहा है कि उसने मंदिर के बाहर खड़े होकर अपना नाम चिल्लाया, फिर लोगों ने पुलिस को सूचित किया।

स्थानीय मीडिया के साथ ही स्थानीय पुलिस भी महाकालेश्वर मंदिर के सामने पहुंची और विकास दुबे को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि विकास दुबे ने सरेंडर करने की सूचना स्थानीय मीडिया और पुलिस को दी थी। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है।

जब पुलिस विकास दुबे को पकड़कर महाकाल थाने में ले जा रही थी, तब विकास दुबे लगातार मीडिया से बात कर रहा था। इसी दौरान वो चिल्लाया, ... मैं विकास दुबे हूं... कानपुर वाला। इस दौरान साथ में पुलिसवालों ने उसे चुप कराया और तुरंत गाड़ी में बैठा दिया।

बता दें कि विकास दुबे कानपुर की घटना के बाद भाग गया था, जिसके बाद हरियाणा के फरीदाबाद में उसकी फुटेज दिखी थी। फरीदाबाद के एक होटल के ब्ब्ज्ट कैमरे में विकास दुबे को देखा गया था, लेकिन वो वहां से फरार हो गया। छापे में उसके गुर्गे गिरफ्तार कर लिए गए थे।

विकास दुबे लगातार छुपता हुआ भाग रहा था, पहले उसके नोएडा और फिर राजस्थान जाने की बात की जा रही थी। ऐसे में पुलिस ने लगातार छापेमारी की थी, लेकिन विकास दुबे वहां पर भी नहीं मिला। अब सात दिन बाद उसके उज्जैन में मिलने की खबर आई। सूत्रों की मानें तो फरीदाबाद से मध्य प्रदेश तक वो आसानी से एक गाड़ी में पहुंचाए जो पूरी तरह सुरक्षित थी।

ऐसे में सवाल खड़ा होता है कि इतनी बंदिशों के बाद भी विकास दुबे आखिर कैसे इतना लंबा सफर कर पाया। अब विकास दुबे को कोर्ट में पेश किया जाएगा, फि र उसकी ट्रांजिट की प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा। खुद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि एमपी पुलिस जल्द ही विकास दुबे को उत्तर प्रदेश की पुलिस को सौंप देगी। शिवराज ने यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ से बात भी की। विकास से पूछताछ जारी है।