सबसे भीषण चक्रवाती तूफान, 50-60 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से हवा चलने का अनुमान

May 19 2020

सबसे भीषण चक्रवाती तूफान, 50-60 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से हवा चलने का अनुमान
file photo

India Emotions News Desk, New Delhi/Agencies. मौसम की जानकारी देने वाली वेबसाइट skymetweather के अनुसार बंगाल की खाड़ी में उठा साल 2020 का पहला चक्रवात एम्फन सुपर साइक्लोन में बदल गया है। वेबसाइट skymetweather के अनुसार पिछले 20 साल में बंगाल की खाड़ी में उठने वाले चक्रवाती तूफानों में यह तूफान सबसे भीषण चक्रवात है। इसके कारण बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्सों में उथल-पुथल मची हुई है और हवा की रफ्तार लगातार बढ़ रही है।

ताजा बुलेटिन के अनुसार समुद्र में 275 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। एम्फन जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है ओडिशा और तटीय पश्चिम बंगाल के क्षेत्रों में हवा उग्र होती जा रही है। तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय ओडिशा, तटीय पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में अब से लेकर तूफान के टकराने तक हवा की रफ्तार बढ़ती ही रहेगी।

मौसम की जानकारी देने वाली वेबसाइट skymetweather के अनुसार जल्द ही ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय भागों और पूर्वोत्तर राज्यों में कुछ जगहों पर 50-60 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से हवा चलने का अनुमान है।

मौसम विज्ञान विभाग भारत (IMD) के ताजा बुलेटिन के अनुसार बंगाल की खाड़ी में उठे सुपर साइक्लोन एम्फन का रूप अगले 6 घंटे के दौरान फिर बदल जाएगा। विभाग ने जानकारी दी है कि इस तूफान के अगले 6 घंटे के दौरान कमजोर होने की संभावना है और यह अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान (Extremely Severe Cyclonic Storm) में बदल जाएगा।


इससे पहले भारत मौसम विज्ञान विभाग(IMD) ने जानकारी दी थी कि चक्रवात के बंगाल की उत्तर-पश्चिमी खाड़ी को पार कर उत्तर-उत्तरपूर्व की ओर जाने की संभावना है। आज दोपहर/शाम के दौरान पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश के बीच दीघा और हातिया द्वीप समूह के बीच सुंदरबन के पास एम्फन चरम सीमा पर पहुंच एक चक्रवाती तूफान लाएगा।

विभाग के अनुसार पिछले 6 घंटे में 14 किलोमीटर प्रति घंटा से पश्चिम-मध्य और बंगाल की पूर्व-मध्य खाड़ी से उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ा और आज सुबह 5:30 बजे पारादीप के 520 किलोमीटर दक्षिण पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में केंद्रीत रहा।