दिल्ली हिंसा में अब तक 47 लोगाें की मौत, दिल्ली में अफवाह फैलाने के आरोप में 18 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू

Mar 02 2020

दिल्ली हिंसा में अब तक 47 लोगाें की मौत, दिल्ली में अफवाह फैलाने के आरोप में 18 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू

नई दिल्ली। दिल्ली हिंसा में अब तक 47 लोगों की मौत हो गई है। नार्थ ईस्ट दिल्ली हिंसा मामले में अब तक दिल्ली पुलिस ने 334 एफआईआर दर्ज कर ली है। इस मामले में 33 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि 44 केस आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किए गए हैं।


अपडेट....


-दक्षिण दिल्ली के डीसीपी ने कहा है कि 2 मार्च को अफवाह फैलाने के मामले में 18 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है और संबंधित धाराओं में 2 मामले दर्ज किए गए हैं।

-दिल्ली हिंसा में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 47 हो गया है। 38 मौतें गुरु तेग बहादुर अस्पताल में हुई, 3 लोक नायक अस्पताल में, 1 जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में और 5 लोगों की मौत राम मनोहर लोहिया अस्पताल में हुई।

-दिल्ली पुलिस ने आज एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति पर कल अफवाह फैलाने के आरोप हैं। दिल्ली पुलिस ने अमन विहार से विकास नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है। विकास ने अमन विहार के ए ब्लॉक में फायरिंग होने की जानकारी दी थी और PCR को फोन किया था, जो कि गलत जानकारी थी।

- सोमवार सुबह गोकुलपुरी नाले से एक डेड बॉडी बरामद की गई है। इससे पहले रविवार को दो नालों से तीन लाशें मिली थी। हालांकि क्या ये लाशें दिल्ली हिंसा से जुड़ी हैं या नहीं इस बात की पुष्टि होनी अभी बाकी है। दिल्ली हिंसा में अबतक नालों से कई लाशें बरामद की जा चुकी हैं। इसमें से आईबी कर्मचारी अंकित शर्मा की बॉडी भी शामिल है।

-दिल्ली हिंसा में मरने वालों का आंकड़ा बढ़ गया है। अस्पतालों के मुताबिक, दिल्ली हिंसा में अबतक 46 लोगों की मौत हो गई है। इनमें GTB अस्पताल में 38, लोक नायक अस्पताल में 3, जेपी अस्पताल में 1, RML अस्पताल में 4 मौतें हुई हैं।

 

आम आदमी पार्टी के नेता महमूद अहमद ने सोशल मीडिया पर इसे अफवाह करार देते हुए कहा कि स्थिति सामान्य है। अहमद ने फेसबुक पर वीडियो पोस्ट कर कहा कि यहां सबकुछ सामान्य है। फरीदाबाद पुलिस ने कहा है कि पुलिस कमिश्नर केके राव खुद हालात की निगरानी कर रहे हैं, जो कुछ भी कहा जा रहा है वो सिर्फ अफवाह है। सभी लोगों से अपील है कि वो ना तो इन बातों पर यकीन करें और ना ही इस तरह की अफवाह को आगे बढ़ाएं, जो लोग भी अफवाह फैलाते पाए जाएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली हिंसा में मरने वालों की संख्या 46 पहुंच गई है। इसमें जीटीबी अस्पताल में 38 लोगों की मौत हुई है।

महमूद अहमद ने लोगों से अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जैतपुर, मदनपुर खादर इलाकों में हालात सामान्य हैं। उधर शाहीनबाग में मौजूद संयुक्त पुलिस आयुक्त देवेश श्रीवास्तव ने मीडिया से कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें और कहा कि इन अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पश्चिमी दिल्ली के ख्याला इलाके में पुलिस सट्टेबाजों के ठिकानों पर रेड करने पहुंची थी। इस कारण से वहां मौजूद लोग भागे। लोगों ने जैसे ही उन्हें भागते देखा, लगा कि फिर से हिंसा फैल गई। इसके बाद आसपास के इलाके में भी अफवाह फैल गई।