मार्च में लगातार 5 दिन बंद रहेंगे बैंक, निपटा लें अपना जरूरी काम

Feb 20 2020

मार्च में लगातार 5 दिन बंद रहेंगे बैंक, निपटा लें अपना जरूरी काम

सार्वजनिक क्षेत्रों के बैंकों के लाखों कर्मचारियों ने अगले महीने फिर से तीसरी बार हड़ताल करने की धमकी दी है और अगर यह सफल होता है, तो कुछ बैंकों के साथ ही एटीएम भी मार्च के दूसरे सप्ताह में लगातार पांच दिन बंद रहेंगे। इससे पहले बैंक कर्मचारी दो दिन (31 जनवरी और 1 फरवरी) की हड़ताल कर चुके हैं।

भारतीय बैंक कर्मचारी महासंघ (बीईएफआई) और अखिल भारतीय बैंक कर्मचारी संघ (एआईबीईए) के अनुसार, भारतीय बैंक एसोसिएशन (आईबीए) के साथ वेतन को लेकर हुई बातचीत फेल होने के बाद पूरे देश में तीन दिनों (11 से 13 मार्च) के लिए बैंक हड़ताल की घोषणा की गई है। ऐसे में बैंक में कामकाज के लगातार पांच दिन प्रभावित होने की गुंजाइश है क्योंकि 9 और 10 मार्च को होली अवकाश और फिर 11 से 13 मार्च बैंकों की हड़ताल प्रस्तावित है। हालांकि आईसीआईसीआई और एचडीएफसी जैसे निजी बैंक हड़ताल के दायरे में नहीं होंगे और यहां कामकाज आम दिनों की तरह ही चलेगा।

सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के कर्मचारियों की सैलरी को हर पांच साल पर रिवाइज किया जाता है। पिछली बार बैंक कर्मचारियों की सैलरी को 2012 में रिवाइज किया गया था। इसके बाद 2017 में होने वाला रिवीजन पेंडिंग है। इसी को लेकर कर्मचारी हड़ताल कर रहे हैं।

इस साल 2 बार हो चुकी है बैंक हड़ताल
मार्च में अगर बैंक कर्मचारियों की हड़ताल होती है तो यह इस साल अब तक की तीसरी बैंक हड़ताल होगी। इससे पहले 8 जनवरी को भारत बंद के दौरान बैंक यूनियनों मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ एक दिन की हड़ताल का आह्वान किया था। इसके बाद 31 जनवरी और 1 फरवरी को हड़ताल रही।