CAA-NRC का विरोध : अलीगढ़ में 70 महिलाओं के खिलाफ FIR, लखनऊ में छीने कंबल

Jan 19 2020

CAA-NRC का विरोध : अलीगढ़ में 70 महिलाओं के खिलाफ FIR, लखनऊ में छीने कंबल

इंडिया इमोशंस न्यूज अलीगढ़। देश के विभिन्न हिस्सों में अभी भी नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनआरसी) का विरोध जारी है। सरकार इस पर एक कदम भी पीछे नहीं हटना चाहती, जबकि विपक्ष इसके लिए दबाव बना रहा है।

इस बीच शनिवार को यहां सीएए और एनआरसी का विरोध कर रही 60-70 अज्ञात महिलाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। अलीगढ़ सिविल लाइंस के सर्किल अधिकारी (सीओ) अनिल सामनिया ने बताया कि यहां कुछ महिलाओं ने धारा 144 के खिलाफ जाकर प्रदर्शन करने की कोशिश की, जिसके बाद यह एक्शन लिया गया।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली में शाहीन बाग में एक महीने से भी ज्यादा समय से महिलाओं का धरना चल रहा है। इससे सरिता विहार और कालिंदी कुंज का रास्ता एक महीने से बंद है। दिल्ली पुलिस की ओर से एक बार फिर प्रदर्शनकारियों से रास्ता खोलने की अपील की गई है। बिहार में भी कई जिलों में प्रदर्शन शुरू हो गए है। इलाहाबाद में भी ऐसा ही विरोध हो रहा है।

लखनऊ के घंटाघर में आज भी मुस्लिम महिलाओं का प्रदर्शन जारी है। वहां कार्रवाई के बाद अफरा-तफरी का माहौल मच गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारी महिलाओं के पास से खाने-पीने के सामान सहित कंबल भी जब्त कर लिए। हैदराबाद, मुंबई और कोलकाता से भी प्रदर्शन की खबरें हैं।