CAA: डिबेट के दौरान अभद्र टिप्पणी करने पर सैयद जरीन ने वसीम रिजवी के खिलाफ दी तहरीर

Jan 23 2020

CAA: डिबेट के दौरान अभद्र टिप्पणी करने पर सैयद जरीन ने वसीम रिजवी के खिलाफ दी तहरीर

इंडिया इमोशंस न्यूज लखनऊ में नागरिकता संशोधन कानून और एनसीआर के खिलाफ प्रदर्शन कर रही महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सैयद जरीन ने शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष वसीम रिजवी के खिलाफ हजरतगंज थाने में तहरीर दी है।
बता दें कि लखनऊ के घंटाघर में महिलाएं नागरिकता संशोधन कानून को वापस लेने के लिए प्रदर्शन कर रही हैं। इसी पर चर्चा के दौरान वसीम रिजवी ने आरोप लगाया कि ये महिलाएं कांग्रेस व टुकड़े-टुकड़े गैंग के लिए पैसे लेकर प्रदर्शन कर रही हैं।

वसीम रिजवी ने महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी भी की। जिससे नाराज सैयद जरीन ने बुधवार देर रात उनके खिलाफ हजरतगंज थाने में तहरीर दी है।

इसके अलावा, बृहस्पतिवार को जारी किए गए बयान पर वसीम रिजवी ने कहा कि हुसैनाबाद ट्रस्ट शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड की संपत्ति है। जिस पर कुछ सुन्नी महिलाएं अवैध रूप से कब्जा कर प्रदर्शन कर रही हैं। जमीन का मुकदमा हाईकोर्ट में चल रहा है। उन महिलाओं को अगर प्रदर्शन करना है तो धरनास्थल पर करें या फिर टीले वाली मस्जिद पर बनी अवैध मस्जिद पर करें। शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड अपनी जमीन पर ऐसे किसी भी धरना-प्रदर्शन की अनुमति नहीं देता।

उन्होंने बताया कि हुसैनाबाद ट्रस्ट के प्रशासक लखनऊ के जिलाधिकारी हैं। बोर्ड की तरफ से जिलाधिकारी को जमीन खाली करवाने का निर्देश पत्र लिखकर दे दिया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज करने के लिए थाना ठाकुरगंज में तहरीर भी दी गई है।