कांग्रेस छोड़ चुके अशोक तंवर ने दिया दुष्यंत चौटाला की पार्टी जजपा को समर्थन

Oct 16 2019

कांग्रेस छोड़ चुके अशोक तंवर ने दिया दुष्यंत चौटाला की पार्टी जजपा को समर्थन

इंडिया इमोशंस न्यूज चंडीगढ़। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाये जाने से नाराज हो कर पार्टी छोड़ चुके अशोक तंवर ने अब जननायक जनता पार्टी (जजपा) के सर्वेसर्वा दुष्यंत चौटाला को अपना समर्थन देने का ऐलान किया है, पार्टी छोड़ने के बाद से तंवर लगातार पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साध रहे हैं। हुड्डा के प्रभाव वाले क्षेत्रों में उन्होंने अपने फेरे भी बढ़ा दिए हैं। हालांकि, तंवर कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे हैं।

तंवर के कांग्रेस छोड़ने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा था कि उन्हें भाजपा में शामिल नहीं किया जाएगा। खुद तंवर ने भी कोई पार्टी ज्वॉइन करने से इनकार कर दिया था, लेकिन आज उन्होंने दिल्ली में दुष्यंत चौटाला के साथ मंच साझा करते हुए जजपा को समर्थन देने की घोषणा कर दी। पुन: नए कहा कि जजपा में शामिल नहीं हो रहे हैं, सिर्फ समर्थन दे रहे हैं।

इस मौके पर उचाना कलां क्षेत्र से जजपा के उम्मीदवार दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जिस कांग्रेस को बुरे वक्त में अशोक तंवर ने अपनी मेहनत से संभाला था, आज उसी कांग्रेस ने तंवर की अनदेखी की। कांग्रेस में जब तंवर जैसे मेहनती व कर्मठ नेता की अनदेखी हो सकती है तो अब आम कार्यकर्ता पार्टी से क्या उम्मीद कर सकता है? दुष्यंत चौटाला ने तंवर को खुला निमंत्रण देते हुए कहा कि अगर वे उनकी पार्टी में आना चाहें तो उनका स्वागत है। उन्होंने कहा कि तंवर की अनदेखी कांग्रेस के लिए घातक साबित हो सकती है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा से जब चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में तंवर के दुष्यंत की पार्टी जजपा को समर्थन देने पर टिप्पणी मांगी गई तो उन्होंने केवल इतना ही कहा, 'मंदिर राम के बनते हैं, विभीषण के नहीं,' इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल भी उनके साथ थे।